लेखपालों का आंदोलन प्रदेशव्यापी, शासन तक रखूंगा उनकी बात : इंद्रजीत सिंह
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद मे आज संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शनिवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में एक पक्ष की बात सुनकर कार्रवाई न की जाए। विवादित प्रकरणों में उभय पक्षों को सुनने के बाद ही नियमानुसार निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर समस्या की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान का भरोसा हो सके।
उन्होंने राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
इस दौरान लेखपालों के आंदोलन का मुद्दा भी सामने आया। जिलाधिकारी ने कहा कि लेखपालों का आंदोलन प्रदेशव्यापी है।
उनकी समस्याओं और मांगों से शासन को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जिन मामलों का समाधान संभव है, उन्हें नियमानुसार निस्तारित किया जाएगा और शासन स्तर से जुड़े विषयों को उचित माध्यम से आगे भेजा जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करें और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों को संबंधित प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।




