सहारनपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के सहारनपुर दौरे ने संगठन के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक संदेश भी दिया। ओजपुरा स्थित संत रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद नितिन नबीन सीधे पार्टी के पुराने दलित कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष अजब सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक शाकाहारी भोजन किया।
अजब सिंह अनुसूचित वर्ग से आते हैं और रविदास मंदिर समिति के अध्यक्ष भी हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का उनके घर पहुंचना और भोजन करना पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक संपर्क को लेकर दिए गए संदेश के रूप में सामने आया। नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा में कोई छोटा-बड़ा नहीं है और बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है।
रविदास मंदिर से बूथ तक पहुंचा संदेश, 2027 पर भाजपा की नजर
नितिन नबीन के कार्यक्रम में सामाजिक संपर्क के साथ संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद भी दिखाई दी। रविदास मंदिर में दर्शन के बाद दलित बूथ अध्यक्ष के घर भोजन और फिर पार्टी के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक ने दौरे को राजनीतिक रूप से खास बना दिया।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की सक्रियता और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। पुराने नेताओं के अनुभव और मौजूदा संगठन की ऊर्जा को साथ लेकर चुनावी तैयारी आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पुराने चेहरों के अनुभव और नई टीम की ऊर्जा से 2027 का रण साधने की कवायद
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती से जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ताओं से है। सहारनपुर में मंदिर दर्शन से लेकर कार्यकर्ता के घर भोजन और फिर संगठन की मैराथन बैठक तक कार्यक्रम की कड़ी में भाजपा की जमीनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास नजर आया।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सहारनपुर में हुई यह कवायद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, बैठक में किसी सीट पर प्रत्याशी या टिकट को लेकर निर्णय की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




