समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर में रविवार देर रात आलू-प्याज के एक कारोबारी से लूट की वारदात हुई। अपराधियों ने पिस्टल के बल पर कारोबारी से तीन लाख से अधिक रुपये लूट लिए और उन्हें जख्मी कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना हसनपुर थाना क्षेत्र के इमली चौक के निकट उस समय पेश आया जब कारोबारी रूपेश कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार पांच की संख्या में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने रूपेश और उनके साथी को घेर लिया और अपराधियों ने उनसे रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। जब रूपेश ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने पिस्टल के बट से मारकर उन्हें जख्मी कर दिया और रुपयों का थैला छीनकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रूपेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका ईलाज जारी है।इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात की।दूसरी तरफ हसनपुर में बढ़ते आपराधिक मामले को लेकर यहां के व्यवसाई समेत आम लोगों में दहशत व्याप्त है और पुलिस के प्रति लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है।



