प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश को नाकाम करते हुए तीन अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा गोली बरामद की गई है।रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 की रात विभूतिपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार ग्राम जोगिया स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के आगे चौर में बनी झोपड़ी में कुछ हथियारबंद अपराधी बैठकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे।सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अरशद इमाम अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे!पुलिस टीम ने झोपड़ी की घेराबंदी कर मौके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा गोली, 12,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।*गिरफ्तार अपराधियों की पहचान।*गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खदियाही वार्ड संख्या 2 निवासी रामकृष्ण महतो के 26 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार,भुसवर वार्ड संख्या 2 निवासी रामविलास महतो के 19 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार,बसौना गांव निवासी विजय कुमार के 19 वर्षीय पुत्र विकास कुमार उर्फ दातुल कुमार के रूप में की गई है।रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



