सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
तीन चरणों में होगी परीक्षा
करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के मद्देनजर अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने परीक्षा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। पुलिस प्रशासन को फील्ड में मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों का पहले से सर्वे करने और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंचाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करेगा, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। रेलवे के अधिकारियों से संपर्क कर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पीईटी-2026 की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को प्रस्तावित है। इसमें करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन के सामने सुरक्षा, यातायात और परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।




