जिला अस्पताल रेफर सब्जी खरीदते समय हुआ हादसा, सिर में गंभीर चोट लगने से हुए बेहोश पुलिस ने बाइक कब्जे में ली
बाइक सवार पर नशे में होने की आशंका, पुलिस को तहरीर का इंतजार
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अखण्डनगर बाजार में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सब्जी खरीद रहे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया।
पाराबासूपुर निवासी देवीलाल पंडित शनिवार दोपहर करीब दो बजे अखण्डनगर बाजार में सड़क किनारे सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान बेलवाई की तरफ से राहुलनगर जा रहे रतनपुर निवासी श्रीनाथ की बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने बुजुर्ग का प्राथमिक उपचार किया। हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर भेज दिया गया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बाइक सवार के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




