दुर्घटना के पहले घंटे में घायल को अस्पताल पहुंचाकर बचाएं जान
राह वीर बनकर पाएं 25 हजार रुपये का पुरस्कार
हेलमेट-सीट बेल्ट के प्रयोग और यातायात नियमों के पालन के लिए 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद में यह विशेष अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
डीएम ने विशेष रूप से सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने पर जोर देते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा यानी ‘गोल्डन आवर’ घायल व्यक्ति की जिंदगी बचाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर मुंह न फेरें, बल्कि मानवीय संवेदना दिखाते हुए तत्काल मदद के लिए आगे आएं।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे समय से अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को ‘राह वीर’ के रूप में सम्मानित करने के साथ 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवींद्र सिंह आर्या, एआरटीओ (प्रशासन) अलका शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




