धनपतगंज, दोस्तपुर और जयसिंहपुर में धीमी प्रगति पर सीडीओ सख्त, अनुपस्थित तीन अधिकारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर
लखनऊ/सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और लखपति दीदी कार्यक्रम की समीक्षा में लापरवाही सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति न मिलने पर धनपतगंज, दोस्तपुर और जयसिंहपुर के सहायक विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बिना पूर्व सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अखंडनगर, कूरेभार और कुड़वार के सहायक विकास अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
सोमवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में सीडीओ विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित योजनाओं की विकास खंडवार समीक्षा की गई। लखपति दीदी कार्यक्रम, रिवॉल्विंग फंड (आरएफ), कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (सीआईएफ), कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल), स्वयं सहायता समूहों के गठन, परिवार संतृप्तिकरण, बचत खाते खोलने और समूह सदस्यों की ई-केवाईसी की प्रगति पर चर्चा हुई।
सीडीओ ने कम प्रगति वाले विकास खंडों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत पात्र महिलाओं का चिह्नांकन कर उन्हें विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। लखपति सीआरपी के चयन और आजीविका रजिस्टर में आवश्यक प्रविष्टियां समय से दर्ज कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ समूह सदस्यों एवं सामुदायिक कैडरों का समयबद्ध प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए। कहा कि महिलाओं के लिए आजीविका के स्थायी साधन विकसित किए जाएं, जिससे उनकी आय बढ़ने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मजबूत हो।
सीडीओ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपनी रोजगारपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपायुक्त स्वतः रोजगार को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पात्र स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला उद्यान अधिकारी, मत्स्य अधिकारी, कृषि विभाग, आरसेटी, जिला मिशन प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विकास खंडों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




