18 नवंबर को रामनरेश त्रिपाठी सभागार में सजेगा रेजांगला शौर्य दिवस समारोह, पहली बार सार्वजनिक मंच पर सम्मानित होंगे तीन शहीद परिवार
अभिलेखों की खोजबीन से सामने आई शहीदों की पहचान, संतोष यादव और मंजीत यादव की पहल लाई रंग
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर मे देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुलतानपुर के तीन वीर सपूतों को 64 साल बाद सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलने जा रहा है। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला के मोर्चे पर शहीद हुए तीन जवानों के परिजनों को 18 नवंबर को आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह पहला अवसर होगा, जब जिले के इन तीनों शहीद परिवारों को एक मंच पर बुलाकर उनके बलिदान और त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित होने वाले इस समारोह में शहीद शीतला प्रसाद यादव निवासी बड़नपुर (कुड़वार), शहीद सत्यदेव यादव निवासी हीरा सोनार का पुरवा और शहीद चंद्रपति यादव निवासी भटौता (करौंदीकला) के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। छह दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इन वीर सपूतों का बलिदान अब सार्वजनिक स्मृति में सम्मान के साथ दर्ज होने जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे शिक्षक एवं आयोजन समिति के संस्थापक संतोष यादव और अटेवा जिलाध्यक्ष मंजीत यादव का प्रयास रहा है। दोनों ने अभिलेखों की खोजबीन और उपलब्ध जानकारियों को जुटाकर इन शहीदों की पहचान सामने लाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पहल से उन परिवारों को सम्मान मिलने का रास्ता खुला, जिन्होंने देश के लिए अपने प्रियजनों का सर्वोच्च बलिदान दिया था।
रेजांगला शौर्य दिवस समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति, वीरता और सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान से परिचित कराने का भी अवसर होगा। 64 वर्षों बाद मिलने वाला यह सम्मान शहीद परिवारों के लिए गौरव, भावुकता और गर्व का ऐतिहासिक क्षण बनेगा।




