किसान परिवार के बेटे ने संघर्ष को बनाया सफलता की सीढ़ी, हिंदी माध्यम से हासिल की 454वीं रैंक
दिल्ली में पढ़ाई का खर्च जुटाने के लिए परिवार को बेचना पड़ा अनाज
दो असफलताओं के बाद तीसरे प्रयास में पूरा किया सपना
बस्ती उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिंदगी में आने वाली कठिन परिस्थितियां कई बार इंसान को तोड़ देती हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो मुश्किलों को ही अपनी ताकत बनाकर सफलता की नई इबारत लिखते हैं। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के बजरंगी प्रसाद यादव की कहानी भी कुछ ऐसी ही प्रेरणादायक है। पिता की हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई, लेकिन बजरंगी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने संघर्षों के बीच भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में जाने का सपना देखा और तीसरे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 454वीं रैंक हासिल कर उसे साकार कर दिया।
एक साधारण किसान परिवार में जन्मे बजरंगी प्रसाद यादव की जिंदगी वर्ष 2020 में उस समय पूरी तरह बदल गई, जब उनके पिता की हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घर की आर्थिक स्थिति भी इतनी कमजोर हो गई कि आगे की पढ़ाई जारी रखना चुनौती बन गया। इसके बावजूद बजरंगी ने परिस्थितियों के सामने घुटने टेकने के बजाय अपने दर्द को अपनी ताकत बनाया।
उन्होंने सिविल सेवा में जाकर समाज के लिए काम करने और न्याय व्यवस्था का हिस्सा बनने का संकल्प लिया।
यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली में रहना और कोचिंग का खर्च उठाना परिवार के लिए आसान नहीं था। आर्थिक तंगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पढ़ाई का खर्च जुटाने के लिए परिवार को अपनी फसल और अनाज तक बेचना पड़ा।
सीमित संसाधनों के बावजूद बजरंगी ने हिंदी माध्यम से तैयारी जारी रखी। पहले और दूसरे प्रयास में उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा। दूसरे प्रयास में मुख्य परीक्षा (मेंस) में वह महज 27 अंकों से चयन से चूक गए। यह असफलता किसी को भी निराश कर सकती थी, लेकिन बजरंगी ने इसे अपनी कमियों को पहचानने का अवसर बनाया।
उन्होंने अपनी गलतियों का विश्लेषण किया, तैयारी की रणनीति बदली और पहले से अधिक मेहनत के साथ तीसरे प्रयास में परीक्षा दी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और यूपीएससी में 454वीं रैंक हासिल कर उन्होंने आईपीएस अधिकारी बनने का सपना पूरा कर लिया।
बजरंगी प्रसाद यादव की सफलता केवल एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस हौसले की मिसाल है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी टूटता नहीं। पिता को खोने का गम, आर्थिक तंगी और लगातार दो असफलताओं के बावजूद उन्होंने साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। किसान परिवार से निकलकर आईपीएस अधिकारी बनने तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।




