बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर, उनके सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी की : मुक्ता त्यागी
भरण-पोषण, कानूनी संरक्षण और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में दी गई जानकारी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनके कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में पयागीपुर स्थित आनंद वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मुक्ता त्यागी के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव मुक्ता त्यागी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। बुजुर्गों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा परिवार और समाज के निर्माण में समर्पित किया है। ऐसे में उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण, कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कहा कि किसी भी वरिष्ठ नागरिक को अपने अधिकारों से वंचित नहीं रहना चाहिए। जरूरतमंद और असहाय लोगों को न्याय दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव तत्पर है।
पैरा लीगल वालंटियर सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता का सम्मान करना भारतीय संस्कृति और परंपरा की पहचान है। जिस घर में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां संस्कार, अनुभव और आशीर्वाद की पूंजी बनी रहती है। वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को अपनत्व, स्नेह और सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में आनंद वृद्धाश्रम के मैनेजर श्रवण भी मौजूद रहे। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।




