दूसरे जिले में तैनाती के बावजूद फोन पर सक्रिय होकर कराई खराब गाड़ी ठीक, परिवार को सुरक्षित घर पहुंचाने में निभाई अहम भूमिका
रोहित तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर जताया आभार, पुलिसकर्मी के मानवीय चेहरे की हो रही सराहना
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
खाकी वर्दी का रिश्ता केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के वक्त किसी परेशान इंसान का सहारा बनना भी पुलिस की असली पहचान है। इसकी मिसाल हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी उर्फ रिंकू ने पेश की। आधी रात सुनसान सड़क पर परिवार के साथ गाड़ी खराब होने से परेशान एक व्यक्ति की मदद कर उन्होंने मानवता और सेवा भाव का परिचय दिया।
बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट निवासी रोहित तिवारी अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे। इसी दौरान रायबरेली और ऊंचाहार के बीच रात करीब 11 से 12 बजे अचानक उनकी गाड़ी खराब हो गई। काफी प्रयास के बावजूद वाहन ठीक कराने की व्यवस्था नहीं हो सकी। सुनसान सड़क पर परिवार के साथ फंसे रोहित की चिंता बढ़ने लगी। ऐसे मुश्किल समय में उन्होंने हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी से फोन पर संपर्क किया।
परिवार की परेशानी सुनते ही कैसर अब्बास रिजवी ने बिना देर किए मदद के प्रयास शुरू कर दिए। दूसरे जिले में तैनात होने के बावजूद उन्होंने अपने संपर्कों के माध्यम से मददगारों को मौके पर भेजा और वाहन ठीक कराने की व्यवस्था कराई। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी दुरुस्त हुई और रोहित तिवारी अपने परिवार के साथ सकुशल घर पहुंच सके।
इस मानवीय पहल से भावुक रोहित तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर हेड कांस्टेबल का आभार जताया। उन्होंने कैसर अब्बास रिजवी को संकट की घड़ी में फरिश्ता बताते हुए कहा कि दूसरे जिले में होने के बावजूद उन्होंने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ मदद की, वह बेहद सराहनीय है।
रोहित की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हेड कांस्टेबल के सेवा भाव की चर्चा हो रही है। कैसर अब्बास रिजवी की यह पहल बताती है कि इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती। वर्दी की असली गरिमा केवल कर्तव्य निभाने में ही नहीं, बल्कि किसी अनजान परिवार की मुश्किल घड़ी में उसका सहारा बनने में भी है।




