प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सरकार की बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महिला की मौत के बाद उसके पति ने आरोप लगाया है कि समय पर पानी नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गई। यह मामला न सिर्फ स्थानीय प्रशासन बल्कि पूरे तंत्र के कामकाज पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।घटना समस्तीपुर जिले के शाहपुर उंडी वार्ड नंबर 20 की है। मृतका मंजू देवी के पति राम उदगार पांडेय ने बताया कि 19 मई की शाम उनकी पत्नी ने पानी मांगा था। जब वह पानी लाने के लिए घर में रखी बाल्टी की ओर गए, तो उसमें छिपकली गिरी मिली। मजबूरन उन्हें दूर एक व्यक्ति के घर से पानी लाना पड़ा। जब तक वे लौटे, उनकी पत्नी अचेत हो चुकी थी और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।राम उदगार ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए एसडीओ पटोरी, जिला प्रशासन और राज्य सरकार को आवेदन भेजकर जांच की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर क्षेत्र में समुचित पेयजल व्यवस्था होती तो शायद आज उनकी पत्नी जीवित होती।इस घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ विकास कुमार पांडेय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) के कनिष्ठ अभियंता (JE) को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।नगर परिषद की अध्यक्ष प्रियंका सुमन ने भी पीएचईडी कर्मियों के कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बताया कि अधिकारी न जनप्रतिनिधियों की सुनते हैं, न आम जनता की। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरे सिस्टम की विफलता को उजागर करता है।



