दुर्गापूजा-दशहरा की तैयारियों का योगी लेंगे जायजा, अफसरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
कानून-व्यवस्था से लेकर बिजली-पानी तक, त्योहारों की तैयारियों पर सीएम करेंगे समीक्षा
लखनऊ राजधानी 9 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी दुर्गापूजा, दशहरा समेत अन्य त्योहारों की तैयारियों और कानून-व्यवस्था को लेकर शुक्रवार, नौ अक्टूबर को शाम सात बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी संबंधित विभागों और मंडल व जिला स्तरीय अधिकारियों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री आवास स्थित 5-कालिदास मार्ग से होने वाली समीक्षा बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक व उप महानिरीक्षक (परिक्षेत्र), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक सहित विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष और नगर आयुक्त शामिल होंगे।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी, साफ-सफाई, नगर विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य सुरक्षा, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं समेत संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सभी अधिकारियों को अपने स्तर पर समुचित तैयारियां पूरी कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रतिभाग करने को कहा गया है।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि सभी प्रतिभागी अधिकारी बैठक शुरू होने से 15 मिनट पहले अपना स्थान ग्रहण कर लें। मुख्यमंत्री के निजी सचिव अनिल कुमार की ओर से जारी पत्र में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक समेत कृषि, चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, नगर विकास, ऊर्जा, परिवहन, खाद्य एवं रसद, संस्कृति, पर्यटन, पंचायती राज और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।




