शिक्षकों ने उठाए हक और सम्मान के मुद्दे वित्तविहीन शिक्षकों के समान वेतन
सुरक्षा और मानदेय वृद्धि की मांग रही प्रमुख; सपा-भाजपा प्रत्याशियों के बीच मुख्य मुकाबला
डीएम और एसडीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मतदान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लम्भुआ गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव में शुक्रवार को लंभुआ तहसील क्षेत्र के शिक्षकों ने उत्साह के साथ मतदान किया। दो मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। लंभुआ मतदान केंद्र पर 89.09 प्रतिशत और प्रतापपुर कमैचा में 89.39 प्रतिशत मतदान हुआ। शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए वित्तविहीन शिक्षकों के समान वेतन, सुरक्षा, सम्मान और मानदेय वृद्धि जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी।
निर्वाचन आयोग से जारी आंकड़ों के अनुसार, लंभुआ मतदान केंद्र पर कुल 165 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 134 पुरुष और 13 महिला शिक्षकों समेत कुल 147 मतदाताओं ने वोट डाला। वहीं, प्रतापपुर कमैचा मतदान केंद्र पर पंजीकृत 66 मतदाताओं में 44 पुरुष और 15 महिला शिक्षकों समेत कुल 59 मतदाताओं ने मतदान किया। दोनों केंद्रों पर मतदान प्रतिशत करीब 89 प्रतिशत रहा।
शिक्षकों ने अपने हक और सम्मान के लिए किया मतदान
मतदान के बाद शिक्षक मतदाताओं ने अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को साझा किया। प्रवीण पाठक ने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए समान शिक्षा और समान वेतन की मांग को अहम बताया। मदन कुमार शर्मा ने शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि आए दिन होने वाली घटनाओं से शिक्षक चिंतित रहते हैं। दिलीप कुमार सिंह ने शिक्षकों के सम्मान का मुद्दा उठाया, जबकि हरिशंकर सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को कई बार अनसुना कर दिया जाता है।
अच्छेलाल यादव ने मानदेय बढ़ाने की जरूरत बताई। वहीं, विजय शंकर शुक्ला ने वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय के साथ अशासकीय विद्यालयों की बदहाल व्यवस्थाओं और शिक्षकों के सम्मान का मुद्दा उठाया। शिक्षकों का कहना था कि उनकी समस्याओं को विधान परिषद में मजबूती से उठाया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय से लंबित मांगों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।
सपा-भाजपा प्रत्याशियों के बीच मुख्य मुकाबला
शिक्षक मतदाताओं के अनुसार, चुनाव में सपा प्रत्याशी संजय त्रिपाठी और भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लंभुआ प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और उपजिलाधिकारी अंशुल हिंदल ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।




