करवाचौथ से पहले दोनों घर छोड़कर हुए फरार, मासूम बच्चे रो-रोकर लगा रहे लौटने की गुहार
बाराबंकी में रिश्तों को झकझोरने वाला मामला, कोतवाली नगर और जहांगीराबाद थाना क्षेत्र से जुड़ा प्रकरण
बाराबंकी उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी के अनुसार बाराबंकी जिले में प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने दो परिवारों को संकट में डाल दिया है। पांच बच्चों की मां और तीन बच्चों के पिता के बीच कथित प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद दोनों अपने-अपने परिवारों को छोड़कर फरार हो गए। अब दोनों परिवारों के आठ मासूम बच्चों के सामने माता-पिता से बिछड़ने का संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पीड़ा और उन्हें वापस लौटने की गुहार से जुड़ा यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला नवाबगंज तहसील के कोतवाली नगर और जहांगीराबाद थाना क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के जीतनगर निवासी अंकित गुप्ता (35) तीन बच्चों का पिता है। वहीं, जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली नीलम कुमारी पांच बच्चों की मां है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में वे एक साथ घर छोड़कर चले गए।
इस घटना से दोनों परिवारों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। सबसे अधिक असर उन आठ बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें इस पूरे घटनाक्रम के बीच अपने माता-पिता से दूर होना पड़ा है। बच्चों के भविष्य और परिवारों के सामने खड़े संकट को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल, दोनों के फरार होने की परिस्थितियों और मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।




