आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, प्रशासन के फैसले पर जताई नाराजगी
बोलीं– संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे कांग्रेसजन
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लखनऊ दौरे से पहले पार्टी को झटका लगा है। खरगे के आगमन पर प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च को जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। प्रशासन के इस फैसले के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सरकार के रवैये से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रशासन के फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन और संविधान की प्रस्तावना की शपथ के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संविधान रक्षा मार्च निकाला जाना था, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी।
आराधना मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर स्थानीय प्रशासन कांग्रेस के कार्यक्रमों में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहा है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कांग्रेस की मूल प्रतिबद्धता है। इसके लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेसजन अपने संवैधानिक और लोकतांत्रिक संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और पार्टी अपने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रशासन की ओर से मार्च की अनुमति नहीं दिए जाने का मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बता रही है, वहीं इस फैसले के बाद राजधानी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।




