सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व : शालू सिंह
मयूर नवयुवक क्लब का कार्य सराहनीय : मुनमुन पाण्डेय
डेहरी ऑन सोन, रोहतास/Etv News 24
सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इस दिन गंगा स्नान, दीपदान, हवन-यज्ञ एवं दान-पुण्य करने से सांसारिक पाप और संताप का शमन होता है। उक्त बातें राजद के वरिष्ठ नेता रहे रघुवंश सिंह उर्फ रघु सिंह के पुत्र एवं मुख्य पार्षद प्रत्याशी कमलेश सिंह उर्फ शालू सिंह ने मयूर नवयुवक क्लब, राधे गोविंद मंदिर शिवगंज की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद कही।
उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण पूर्णिमाओं में से एक है। सनातन धर्म में प्रत्येक पर्व और पूजा का विशेष महत्व है। कार्तिक मास भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है और पूर्णिमा इस पवित्र महीने का अंतिम दिन है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन स्नान, दान और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है, जिसका फल कभी समाप्त नहीं होता।
शालू सिंह ने छठ पूजा के अवसर पर मयूर नवयुवक क्लब द्वारा छठ गेट, लाइटिंग एवं घाट पर की गई व्यापक व्यवस्था की सराहना करते हुए क्लब के सभी सदस्यों को बधाई और धन्यवाद दिया।
वहीं, डॉ. मालती पाण्डेय एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मुनमुन पाण्डेय ने कहा कि शक्ति सिंह के नेतृत्व में मयूर नवयुवक क्लब द्वारा छठ पर्व के बाद प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन भजन-कीर्तन एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि क्लब का यह प्रयास धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सेवा-भाव को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी या सरोवर में स्नान, जरूरतमंदों को दान और दीपदान करना अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। भगवान विष्णु की पूजा, दीपदान और सेवा-भाव से किए गए दान का इस दिन विशेष महत्व है।
कार्यक्रम की शुरुआत व्यास नन्हकू चौधरी एवं राधे गोविंद मंदिर के महंत मनोहर दास द्वारा भजन-कीर्तन से की गई। इस अवसर पर शालू सिंह ने अतिथियों को फूलों की माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
भजन-कीर्तन के दौरान अजय सिंह उर्फ बड़े गायक एवं ढोलक वादक नरेश चौधरी के निर्गुण भजनों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे। कलाकार नरेश चौधरी, ननकू बमडी, गंगा, रामनारायण, बम चौधरी, इंदर चौधरी एवं बलदेव पासवान सहित अन्य कलाकारों ने भी भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस मौके पर सत्यम सिंह, अखिलेश सिंह, विनोद सिंह, कइल मिस्त्री, टाइगर बबलू, विशाल, दीपक कुमार, क्रांति यादव सहित मयूर नवयुवक क्लब के सदस्य पिंटू, राजकुमार, हरिओम, गोलू एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।




