चार दिन में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अल्टीमेटम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी
बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। इसमें पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ओवरस्पीडिंग रोकने, गति सीमा का कड़ाई से पालन कराने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित जिले की प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
एक्सप्रेसवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा के दौरान सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि वहां 16 पेट्रोलिंग वाहन, दो कंट्रोल रूम, चार सब सेंटर और 24 एंबुलेंस संचालित हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 14449 के माध्यम से भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। डीएम ने दुर्घटनाओं का गहन विश्लेषण कर गति सीमा नियंत्रित करने और सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर जोर दिया।
चार दिन में गड्ढामुक्त होंगी सड़कें
त्योहारों के दौरान आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, मंडी समिति, नगर पालिका और अन्य संबंधित विभागों को अपने अधीनस्थ मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए।
सभी विभागों को चार दिन के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ मरम्मत कार्यों का अभिलेखीय विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा गया। मंडी समिति के अधिकारियों ने बताया कि चार संपर्क मार्गों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि दुर्गापूजा से पहले नगर क्षेत्र की सभी 11 सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जा चुका है।
बैठक में प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा के दौरान एआरटीओ ने बताया कि बीती रात से अब तक 36 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि नवंबर माह में अब तक 40 बसों का चालान किया जा चुका है। डीएम ने चालान की कार्रवाई तेज करने, रसीद समय से उपलब्ध कराने और बिहार नंबर की दुर्घटनाग्रस्त बसों का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। ऐसे स्थानों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम साइनेज, चेतावनी बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और सफेद पट्टियां बनवाने को कहा। कार्यों की फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट भी मांगी गई। साथ ही टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर एनाउंसमेंट के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा एटीएमएस का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के साथ पुलिस को नियमित रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाने को कहा। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश जनहानि लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। बैठक में लोक निर्माण विभाग, यूपीडा, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर पालिका और परिवहन विभाग के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।




