2027 में बनाएंगे सरकार भाजपा से शिक्षकों का भरोसा उठा
सपा की नीतियों पर जताया विश्वास
वाराणसी में भी सपा की जीत को बताया भाजपा के खिलाफ आक्रोश का संकेत ओम प्रकाश वर्मा बोले-
टिकट मिला तो मजबूती से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश / etv news24 /ब्यूरो एजेंसी लखनऊ
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर के विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक क्षेत्र की 11 सीटों के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की पांच सीटों पर जीत के बाद पार्टी नेताओं में उत्साह है। इसी क्रम में समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. रुदल यादव सुल्तानपुर पहुंचे। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सपा की जीत को शिक्षकों के बदलते रुझान का संकेत बताते हुए भाजपा की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का भाजपा से विश्वास उठ चुका है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
प्रो. रुदल यादव ने कहा कि आगरा में डॉ. आकाश अग्रवाल समेत विभिन्न क्षेत्रों में सपा प्रत्याशियों की जीत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। सपा हमेशा शिक्षकों के हितों के लिए समर्पित रही है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (नेताजी) ने शिक्षकों की सेवा, सुविधाओं और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए थे। उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए अखिलेश यादव भी शिक्षकों के हितों की बात कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षकों के हितों की अनदेखी हुई है। इसी नाराजगी का असर विधान परिषद चुनाव के परिणामों में दिखाई दिया। उन्होंने वाराणसी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भी शिक्षक और स्नातक क्षेत्र की सीटों पर सपा प्रत्याशियों की जीत पार्टी के प्रति बढ़ते समर्थन और भाजपा के प्रति असंतोष को दर्शाती है।
पांच सीटों पर जीत को बताया बड़ी राजनीतिक उपलब्धि
विधान परिषद चुनाव में सपा की जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों में वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल, इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से डॉ. मानसिंह यादव, लखनऊ स्नातक क्षेत्र से कांति सिंह और वाराणसी स्नातक क्षेत्र से आशुतोष सिन्हा शामिल हैं। प्रो. रुदल यादव ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह को बढ़ाने वाला है।
कार्यक्रम में मौजूद सपा नेता ओम प्रकाश वर्मा ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग तेजी से पार्टी से जुड़ रहा है। विधान परिषद चुनाव के नतीजे प्रदेश में बदलाव की संभावना का स्पष्ट संकेत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार बनाएगी। इससे पहले संगठन के संरक्षक माता प्रसाद प्रजापति ने प्रो. रुदल यादव का बैज लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
टिकट मिला तो पूरी ताकत से लड़ेंगे चुनाव: ओम प्रकाश वर्मा
सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र 188 से सपा के भावी प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर रहे ओम प्रकाश वर्मा ने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों के अनुसार काम करेंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने टिकट मांगा था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने पार्टी के लिए पूरी मेहनत की थी।
ओम प्रकाश वर्मा ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करने का प्रयास करेंगे। हालांकि, टिकट नहीं मिलने की स्थिति में भी वह पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में पूरी ईमानदारी से संगठन को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे।




