मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा, पात्र आवेदकों को जल्द ऋण देने पर जोर
सुल्तानपुर में उद्यमियों की इकाइयों का निरीक्षण, ई-रिक्शा की चाबी सौंपकर किया प्रोत्साहित
उत्तर प्रदेश / etv news 24 /ब्यूरो / एजेंसी लखनऊ
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर मे उद्योग एवं उद्यमिता विकास योजनाओं की प्रगति परखने के लिए गुरुवार को कानपुर मंडल के अपर आयुक्त उद्योग हरीश प्रताप सिंह ने सुल्तानपुर स्थित जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) समेत विभिन्न विभागीय ऋण योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में बैंक अधिकारियों और जिला समन्वयकों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, क्षेत्रीय प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक, सीएम युवा फेलो तथा उद्योग विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अपर आयुक्त ने बैंकों में लंबे समय से लंबित ऋण आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वीकृत प्रकरणों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न की जाए, जिससे अधिक से अधिक युवा अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें।
उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर जिले की प्रगति में सुधार लाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। अन्य ऋण योजनाओं में बैंकों को मार्जिन मनी क्लेम के मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। साथ ही जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि उचित कारण के बिना किसी परियोजना को अस्वीकृत न किया जाए और न ही आवेदकों को बार-बार प्रपत्र उपलब्ध कराने के लिए बैंक बुलाया जाए। अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उद्यमियों की इकाइयों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद अपर आयुक्त उद्योग हरीश प्रताप सिंह ने उपायुक्त उद्योग नेहा सिंह और सीएम युवा फेलो दीवान चंद्र के साथ योजना के तहत वित्तपोषित विभिन्न उद्यमों का निरीक्षण किया। उन्होंने वित्तपोषित ब्रिकट्रैक फूड्स, गौतम पाल की गौतम कैफे, सुभाष चंद्र पांडेय के आशीर्वाद रेस्टोरेंट, महजबी बानो की पेपर प्लेट उत्पादन इकाई तथा शर्मिला रजक की उपसंचय चाय फ्रेंचाइजी का जायजा लिया। इस दौरान उद्यमियों से उनके व्यवसाय की प्रगति और योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली गई।
युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रोत्साहित
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने युवा उद्यमियों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी क्रम में युवा योजना के तहत वित्तपोषित ई-रिक्शा की चाबी राजेश कुमार निषाद को सौंपी गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जिले में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। उपायुक्त उद्योग नेहा सिंह ने बताया कि विभाग का प्रयास पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाकर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।




