केंद्रीय कर्मचारियों-पेंशनर्स को 25 सितंबर को मिल सकती है सितंबर की सैलरी-पेंशन
बैंक हड़ताल से भुगतान प्रभावित होने की आशंका के चलते वित्त मंत्रालय ने जारी किया कार्यालय ज्ञापन
अक्टूबर के भुगतान में होगा समायोजन
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
नई दिल्ली। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के सितंबर माह के वेतन, मजदूरी और पेंशन का भुगतान निर्धारित तिथि से पहले करने के निर्देश दिए हैं। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के अधीन महालेखा नियंत्रक (CGA) कार्यालय की ओर से 23 सितंबर को जारी कार्यालय ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्रीय कर्मचारियों का सितंबर 2026 का वेतन एवं पेंशन 25 सितंबर, शुक्रवार को अग्रिम रूप से वितरित किया जा सकता है।
ज्ञापन के अनुसार, बैंक हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, जिनमें रक्षा, डाक और दूरसंचार विभाग भी शामिल हैं, को वेतन-पेंशन का भुगतान पहले करने की अनुमति दी गई है। केंद्रीय औद्योगिक कर्मचारियों की सितंबर की मजदूरी भी 25 सितंबर को अग्रिम रूप से दी जा सकती है।
अक्टूबर के वेतन में होगा समायोजन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 25 सितंबर को किया जाने वाला भुगतान अग्रिम भुगतान माना जाएगा। पूरे माह के वेतन, मजदूरी अथवा पेंशन की वास्तविक राशि निर्धारित होने के बाद यदि कोई समायोजन आवश्यक हुआ तो उसे अक्टूबर 2026 के वेतन से किया जाएगा।
तिमाही के अंतिम दिनों के भुगतान भी पहले करने की तैयारी
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बैंक हड़ताल सितंबर तिमाही के अंतिम दिनों में पड़ रही है। ऐसे में सितंबर के अंत में होने वाले अन्य भुगतान और बैंकिंग लेनदेन, जहां संभव हो, उन्हें भी पहले संसाधित किया जा सकता है, ताकि हड़ताल के दौरान भुगतान में देरी या व्यवधान से बचा जा सके। संबंधित मंत्रालयों और विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बैंकिंग शाखाओं को भी इन निर्देशों की जानकारी देने के लिए आरबीआई से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।




