सासाराम/रोहतास/ Etv News 24
नोखा-राजपुर मुख्य मार्ग पर पिकअप और बाइक की जबरदस्त टक्कर में बिजली विभाग के एक लाइनमैन की मौत हो गई। यह घटना बघेल थाना क्षेत्र के घोरडीही गांव स्थित गैस एजेंसी के सामने शुक्रवार की मध्य रात्री को घटित हुई। मृतक की पहचान राजपुर प्रखंड के रामपुर गांव निवासी राजू कुमार सिंह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, राजू कुमार सिंह अपनी बाइक से कार्यस्थल राजपुर जा रहे थे। घोरडीही गांव के समीप गैस एजेंसी के सामने एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोगों की आवाज इसकी दूर दूर तक सुनाई दी। टक्कर के पश्चात राजू कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच राजपुर जिला परिषद सदस्य रेशमा पटेल मौके पर पहुंचकर घायल राजू कुमार सिंह को अपनी वाहन से सासाराम ले जाने लगीं। रास्ते में उनकी हालत बिगड़ने पर तुरंत एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस में ऑक्सीजन उपलब्ध कराते हुए उन्हें तत्काल सासाराम भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होनें दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बघेल थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो पाई। जैसे ही राजू कुमार सिंह की मौत की खबर परिजनों को मिली परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि मृतक राजू कुमार सिंह अपने मिलनसार व्यवहार एवं कार्यशैली के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।बघेल थानाध्यक्ष करन कुमार ने बताया कि फरार पिकअप चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है। आगे की कार्रवाई जारी है।



