सासाराम रोहतास/Etv News 24
दिनारा विधायक आलोक सिंह एवं जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा भलुनी भवानी धाम का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा आगामी नवरात्रि एवं छठ महापर्व के अवसर पर धाम परिसर में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान दुकानों को व्यवस्थित एवं निर्धारित स्थल पर लगाने तथा धाम परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए सटीक एवं व्यवहारिक एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने आगामी नवरात्रि एवं छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था, यातायात, प्रकाश, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समुचित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज को दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




