नई आशा द्वारा चार दिवसीय टूर्नामेंट सह विकास शिविर का आयोजन
बिहार के सभी मजदूरों का बनेगा लेबर कार्ड-श्रम मंत्री
खेल के माध्यम से युवाओं में बढ़गी विकास की रफ्तार-राघवेन्द्र प्रताप
आरा। स्थानीय वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में ‘नई आशा‘ द्वारा आयोजित चार दिवसीय माता शबरी क्रिकेट टूर्नामेंट-2025 सह मुसहर जाति विकास समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर शनिवार को किया गया। उद्घाटन के बाद सभी टीम के कप्तान द्वारा अतिथियों को बुके, मोमेंटो, शॉल देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता प्रो कन्हैया बहादुर सिन्हा ने किया। संस्था के संरक्षक पद्मश्री डाॅ भीम सिंह भवेश ने कहा कि इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य खेल के माध्यम से वंचित समुदायों, विशेषकर मुसहर समाज के युवाओं में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें विकास का अवसर देकर मुख्यधारा से जोड़ना है। श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के कमजोर वर्ग को आगे लाना है। उनका प्रयास रहेगा कि राज्य के शत प्रतिशत मजदूरों का लेबर कार्ड बनवाकर सरकार प्रदत योजनाओं का लाभ दिलवाया जाए।

विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुसहर समाज की बेहतरी और उनके सामाजिक उत्थान के लिए इस टूर्नामेंट को एक मंच के रूप में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल एकता को बढ़ाता है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों में आत्मसम्मान और प्रगति की भावना भी जगाता है। विधायक श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि गरीब एवं कमजोर वर्ग को मुख्य धारा में शामिल करना ही सरकार का मुख्य उदेश्य है। जगदीशपुर में सात सौ महादलित बच्चों के लिए छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। संदेश विधायक राधाचरण शाह ने कहा कि इस अभियान में पिछले कई वर्षों से भवेश जी के साथ हैं और आगे भी हर संभव सहयोग करेंगे। शाहपुर विधायक राकेश विशेश्वर ओझा ने कहा कि सरकार के उदेश्यों की पूर्ति में वे सदैव अग्रणी भूमिका में रहेंगे। उद्योगपति अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं के बीच आपसी एकता के साथ विकास के प्रति भूख पैदा होगी। इस दरम्यान आधार कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, लेबर कार्ड एवं स्वास्थ्य शिविर आदि के स्टाॅल भी लगाए गए थे। टूर्नामेंट में भोजपुर, बक्सर एवं पटना जिले के 24 टीमें भाग ले रही हैं। धन्यवाद ज्ञापन डाॅ योगेन्द्र प्रसाद सिंह ने किया।



