ड्रोन कैमरे से मंदिर-मस्जिद के आसपास की छतों की निगरानी
व्यापारियों व क्षेत्रवासियों से लिया फीडबैक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर
संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद के सुलतानपुर मे आगामी गणेश चतुर्थी, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को पारा बाजार और वालीपुर क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मार्च का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार और उपजिलाधिकारी बल्दीराय प्रभात सिंह ने किया।पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बाजार में व्यापार मंडल पदाधिकारियों, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों से सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने को कहा।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से मंदिर और मस्जिद के आसपास स्थित मकानों की छतों का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा।पैदल मार्च के दौरान थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।




