पांच किलो रिफाइंड चीनी 250 रुपये में उपलब्ध, प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगी बिक्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आमजन को राहत देने के लिए विभाग ने की व्यवस्था
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
चीनी की कीमतों को लेकर आमजन को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की ओर से राजधानी लखनऊ में 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित चीनी विक्रय केंद्र पर उपभोक्ता निर्धारित दरों पर चीनी खरीद सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने चीनी की कीमतों को लेकर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने रियायती दरों पर चीनी की बिक्री की व्यवस्था की है। विभाग के अनुसार, यह केंद्र प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होगा।
पैकेट के हिसाब से निर्धारित किए गए दाम
चीनी निगम और सहकारी चीनी मिल संघ के विक्रय केंद्र पर एक किलो चीनी का पैकेट 52 रुपये, दो किलो का पैकेट 102 रुपये, पांच किलो का पैकेट 250 रुपये और 50 किलो का पैकेट 2500 रुपये में उपलब्ध होगा।

वहीं, सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर की चीनी के दाम अलग निर्धारित किए गए हैं। इसके एक किलो के पैकेट की कीमत 51 रुपये, दो किलो के पैकेट की 102 रुपये, पांच किलो के पैकेट की 245 रुपये और 50 किलो के पैकेट की कीमत 2400 रुपये रखी गई है।
कार्यदिवस में केंद्र से खरीद सकेंगे उपभोक्ता
विभाग के मुताबिक, चीनी की विशेष बिक्री नियमित रूप से प्रत्येक कार्यदिवस पर की जाएगी। उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार निर्धारित मात्रा के पैकेट खरीद सकते हैं। बिक्री केंद्र पर सुगम खरीदारी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
गन्ना विकास विभाग ने राजधानी के नागरिकों से इस व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की है। विभाग का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आमजन को व्यावहारिक राहत देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।




