प्रधान शिक्षकों एवं नोडल शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान की दी गई जानकारी।
तिलौथू रोहतास/ Etv News 24/ संवाददाता हैदर अली
तिलौथू (रोहतास)। प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), तिलौथू में बुधवार को (एफएलएन) बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान एवं (टीएआरएल) शिक्षण स्तर के अनुरूप शिक्षण विषय पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों के साथ नामित नोडल शिक्षकों ने भाग लिया।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों से शिक्षकों को अवगत कराना तथा बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान विकसित करने के लिए प्रभावी शिक्षण पद्धतियों की जानकारी देना था। इस दौरान शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों की सीखने की वर्तमान क्षमता के आकलन के आधार पर उन्हें अलग-अलग समूहों में विभाजित कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियाँ संचालित की जाएँ, ताकि प्रत्येक बच्चा अपनी कक्षा के अनुरूप आवश्यक दक्षताएँ हासिल कर सके। कार्यक्रम में ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर (BLMT) के रूप में अभिषेक कुमार, श्री चौबे, रविकांत भरवी, अनीश पांडेय एवं ईश्वर चंद्र विद्यासागर ने प्रतिभागियों को एफएलएन, टीएआरएल एवं निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों तथा इनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। मास्टर ट्रेनरों ने विद्यालयों में गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने, बच्चों के सीखने के स्तर की पहचान करने तथा उनकी बुनियादी दक्षताओं में सुधार लाने के लिए प्रारंभिक कार्ययोजना साझा की। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षण तक सीमित न रखकर खेल, गतिविधियों, अभ्यास एवं सहभागितापूर्ण तरीकों से सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएँ। साथ ही, प्रधान शिक्षकों और नोडल शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम के प्रभावी संचालन एवं नियमित अनुश्रवण की आवश्यकता पर बल दिया गया। उन्मुखीकरण कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को अपने-अपने विद्यालयों में एफएलएन एवं टीएआरएल की गतिविधियों को योजनाबद्ध ढंग से लागू करने तथा बच्चों को बुनियादी भाषा ज्ञान और गणितीय दक्षताओं में निपुण बनाने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।




