करगहर रोहतास/Etv News 24/ संवाददाता मैनुद्दीन
बुधवार को सासाराम-चौसा पथ पर तिलकापुर गांव के समीप तेज रफ्तार पुलिस कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी से भरा टेंपो सड़क किनारे पेड़ पर जा फंसा। हादसे में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।बताया जाता है कि टेंपो करगहर से यात्रियों को लेकर सासाराम की ओर जा रहा था। तिलकापुर के पास सामने से आ रही पुलिस कार अनियंत्रित होकर टेंपो से टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों में नीमडीहरा निवासी इंदु देवी, चितैनी निवासी रीमा देवी और उनकी 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी शामिल हैं। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करगहर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद काजल कुमारी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि इंदु देवी और रीमा देवी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया।वहीं भरखर निवासी मोहन कुमार सिंह और टेंपो चालक रविंद्र कुमार भी दुर्घटना में घायल हो गए। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को छुट्टी दे दी।घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




