तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
कैमूर पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम के विकास और किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द पहल होगी। रविवार को राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने तुतला भवानी धाम पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामडिहरा जाने वाले मार्ग में पुल के समीप लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित अर्धनिर्मित डैम का भी जायजा लिया। श्री कुशवाहा ने कहा कि मां तुतला भवानी धाम से निकलने वाली तुतराही नदी के पानी का समुचित उपयोग किया जाए तो इससे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई हो सकती है। डैम के अधूरा रहने के कारण किसानों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि डैम के पुनर्निर्माण को लेकर लघु सिंचाई विभाग के वरीय अधिकारियों से शीघ्र बातचीत की जाएगी तथा इसके निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।उन्होंने कहा कि तुतला भवानी धाम को और विकसित करने के लिए कई योजनाओं पर विचार किया जा रहा है। तत्काल महोत्सव स्थल और मां तुतला भवानी गेट के समीप दो हाईमास्ट लाइट लगाए जाएंगे।निरीक्षण के बाद श्री कुशवाहा ने माता के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। न्यास समिति के अध्यक्ष गुरुचरण यादव एवं सचिव धर्मेंद्र सिंह ने चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। मौके पर रालोमो जिलाध्यक्ष कपिल कुमार धर्मेंजा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन वैश्य, वनकर्मी सतानंद कुमार समेत सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




