ग्रामीण इलाके के लाभुकों का नाम जोड़ा जाएगा, आवास एप-2024 लॉन्च किया
पटना /बिहार/डेस्क न्यूज/Etv News 24
राज्य में पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास विहीन लोगों का नाम जोड़ने के लिए सर्वे शुरू होगा। यह सर्वे 10 जनवरी से 31 मार्च तक होगा। आवास विहीन एवं कच्चे घर में रहने वाले परिवार सर्वेक्षण में भाग लेकर अपना नाम योजना की सूची में दर्ज करा सकते हैं।*यह जानकारी ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने दी*। उन्होंने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि अभी राज्य में कई परिवार आवास योजना का लाभ पाने के योग्य हैं, पर उनका नाम प्रतीक्षा सूची में नहीं है। योजना के लिए सर्वे भी वर्ष 2018-19 में हुआ था। उसके बाद से अबतक कई नए परिवार बने। जरूरतमंदों को योजना का लाभ देने के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय से लाभुकों के सर्वेक्षण की अनुमति मांगी गई थी।
सर्वे से पहले सर्वेक्षणकर्ता का निबंधन एवं ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है
राजस्व ग्राम की पंचायत के साथ आवास सॉफ्ट पर मैपिंग का कार्य पूरा होने को है। इन कार्यों को पूरा करते हुए सर्वेक्षण शुरू किया जा रहा है। यह सर्वे ग्रामीण आवास सहायक करेंगे। जिन पंचायतों में ग्रामीण आवास सहायक नहीं हैं, वहां पंचायत रोजगार सेवक सर्वे करेंगे। जिन पंचायतों में ग्रामीण आवास सहायक एवं पंचायत रोजगार सेवक नहीं हैं, वहां पंचायत सचिव सर्वे करेंगे। राज्य की कुल 8053 पंचायतों में सर्वेक्षण होगा। इसके लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने आवास एप-2024 लॉन्च किया है। मंत्री ने जन प्रतिनिधियों से सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करने का अनुरोध किया है। इसके लिए संबंधित व्यक्तियों को पत्र जारी किया गया है।
Reported By :- Mainuddin alam



