पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील
28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, सुबह 10 से शाम चार बजे तक चलेगा अभियान
अम्बेडकर नगर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया की पहल पर लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में SVEEP कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील कार्यालय अकबरपुर से बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। बाइक रैली के जरिए लोगों को मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदान बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




