बेतिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के अधीक्षक और सिविल सर्जन से जवाब तलब
पटना बिहार/Etv News 24/प्रधान संपादक एस आलम
राज्य के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग सख्त है। विभागीय निर्देशों के पालन में लापरवाही, मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों में रेफर करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के बावजूद अपेक्षित संख्या में ऑपरेशन नहीं किए जाने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने पश्चिम चंपारण के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, बेतिया के अधीक्षक और जिले के सिविल सर्जन से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिलाधिकारी की रिपोर्ट में गंभीर कमियां
पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी द्वारा 27 नवंबर 2026 को भेजी गई रिपोर्ट में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। साथ ही, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता एवं उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप अपेक्षित संख्या में ऑपरेशन नहीं किए जा रहे हैं। इसके अलावा, अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की गैर मौजूदगी भी पाई गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी में लापरवाही पर विभाग सख्त
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के कार्यों की उचित निगरानी नहीं किए जाने को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है। विभाग के अनुसार, इसके कारण जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर कमियां सामने आ रही हैं और आमजनों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
तीन दिनों के अंदर मांगा जवाब
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित दोनों अधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों के कार्यों की समुचित निगरानी एवं पर्यवेक्षण नहीं किए जाने के संबंध में तीन दिनों के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
विभाग का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीजों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।




