बूधापुर मोड़ के पास आमने-सामने टकराईं बाइकें, तीन वर्षीय बच्चा बाल-बाल बचा
घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बूधापुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बाइक पर सवार तीन वर्षीय बच्चा बाल-बाल बच गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान निवेश झा (18) पुत्र अनिल झा निवासी गोसाईं का पूरा (गांधी नगर), थाना लम्भुआ और गजानन तिवारी (65) पुत्र स्व. त्रियुगी तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निवेश झा के साथ बाइक पर तीन वर्षीय बच्चा भी सवार था। दोनों बाइकों की टक्कर में बच्चा सुरक्षित बच गया।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।




