संभल में बोले सपा अध्यक्ष
महिला आरक्षण का पहले ही हो चुका है समर्थन
महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार देने के पक्ष में है समाजवादी पार्टी
संभल उत्तर प्रदेश /Etv News 24/ संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि महिला आरक्षण पहले ही पारित हो चुका है। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसमें पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग की महिलाओं को भी उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।
संभल में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण का लाभ समाज के सभी वर्गों की महिलाओं तक पहुंचना चाहिए। पीडीए की महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल किया जाना जरूरी है, ताकि उन्हें राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबरी का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की पक्षधर है। पार्टी चाहती है कि महिला आरक्षण का लाभ केवल कुछ वर्गों तक सीमित न रहे, बल्कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं को भी उनका अधिकार मिले।
अखिलेश यादव के इस बयान से महिला आरक्षण के मुद्दे पर पीडीए की भागीदारी को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने के संकेत हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनके इस बयान को सामाजिक न्याय और महिला प्रतिनिधित्व की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।




