केशव मौर्य बोले- विरोध करने वालों को देश की आधी आबादी रखेगी याद
ब्रजेश पाठक ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
मायावती ने किया महिला आरक्षण का स्वागत, एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की उठाई मांग
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ/दिल्ली। परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन बिल का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी सांसद इस विधेयक का समर्थन कर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों से बिल का विरोध नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी विरोध करने वालों को याद रखेगी। विपक्ष को इस विधेयक के समर्थन में आगे आना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को सद्बुद्धि देने की बात कहते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी परिसीमन बिल के समर्थन में विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी महिलाओं को उनका हक और अधिकार मिलने के रास्ते में बाधा डालना चाहती हैं। पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह भ्रमित है। उसे महिलाओं के हितों से कोई मतलब नहीं है और वह गुंडे-माफिया का समर्थन करने में लगी रहती है।
इधर, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने परिसीमन बिल का स्वागत करते हुए महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ जल्द मिलना चाहिए। साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उन्हें भी राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उचित अवसर मिल सके। हालांकि, मायावती ने परिसीमन प्रक्रिया में गड़बड़ी कर राजनीतिक स्वार्थ साधने की आशंका भी जताई।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की संगठनात्मक कार्यशाला में सहभागिता कर रहे हैं। यहां पार्टी के कार्यक्रमों और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों को लेकर बैठक जारी है।
इसी बीच विपक्षी खेमे के लिए अहम माने जा रहे घटनाक्रम में तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके की ओर से परिसीमन बिल का समर्थन करने की बात सामने आई है। इससे एनडीए को राजनीतिक स्तर पर राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। परिसीमन और महिला आरक्षण का मुद्दा अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का केंद्र बनता नजर आ रहा है।




