सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/ संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार, 28 नवंबर को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना रहा। इस दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाताओं से संवाद कर मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन की कार्रवाई की।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने विधानसभा क्षेत्र 188-सुलतानपुर के नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित शाहगंज, पलटन बाजार के बूथ संख्या 275 और 276 का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित बीएलओ से अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।
इसी क्रम में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभियान के दौरान पात्र युवाओं एवं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची में दर्ज विवरण की त्रुटियों में सुधार करने तथा मृतक और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम
नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
बीएलओ ने मतदाताओं को सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के लिए जागरूक किया। साथ ही आवश्यक संशोधन और नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन करने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।




