मुरली नहर के पास हुआ हादसा, मोपेड सवार बुजुर्ग हाईवे पार करते समय बाइक की चपेट में आए
बाइक सवार जौनपुर जा रहे थे, घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर शनिवार दोपहर मुरली नहर के समीप तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नरेंद्रपुर फुलवरिया निवासी जगन्नाथ पाल (बेटा रामसमुझ पाल) अपनी मोपेड से लम्भुआ बाजार आ रहे थे। मुरली की ओर से आकर वह हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान सुलतानपुर की तरफ से जौनपुर जा रहे बाइक सवारों ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जगन्नाथ पाल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक सवार अवनीश कुमार सिंह (48) पुत्र महेंद्र पाल सिंह और राम गणेश यादव (50) निवासी बक्शा, जौनपुर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।




