28 नवंबर को विशेष लोक अदालत, 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत तहसीलों और दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को करेगी जागरूक
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24 /संवाददाता वागीश
मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों के निस्तारण और आमजन को लोक अदालत के प्रति जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पहल की है। शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने न्यायालय परिसर से पीआरवी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले की सभी तहसीलों और दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचकर वाहन स्वामियों को लंबित चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया और लोक अदालत के लाभों की जानकारी देगी।
जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने बताया कि 28 नवंबर को जनपद न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित शमनीय चालानों और यातायात संबंधी मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे इन आयोजनों का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराएं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनाली पुनिया ने बताया कि लोक अदालत में पहुंचने वाले वाहन स्वामी अपने साथ वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा प्रमाणपत्र, चालान की प्रति और पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं, ताकि निस्तारण की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो। कार्यक्रम में अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी प्रकाश तिवारी सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, पैनल अधिवक्ता और पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।




