रामपुर के बाद दिल्ली में भी आजम खां के साथ नजर आए गुफरान अहमद उर्फ सैफी
‘
एक शाम संविधान के नाम’ मुशायरे में
आजम खां की मौजूदगी के दौरान साथ रहे सैफी, 2027 के टिकट को लेकर चर्चाएं तेज
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर/दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही इसौली विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के टिकट को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच सपा के सुल्तानपुर विधानसभा अध्यक्ष एवं इसौली से टिकट के दावेदार गुफरान अहमद उर्फ सैफी की दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है।
सैफी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर आजम खां का इस्तकबाल किया। इसके बाद वह उनके साथ कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंचे, जहां बज्म-ए-मुनव्वर की ओर से आयोजित ‘एक शाम संविधान के नाम’ मुशायरा एवं कवि सम्मेलन में आजम खां ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता आजम खां ने की, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और आजम खां मेहमान-ए-खुसूसी के रूप में मौजूद रहे। इस अदबी महफिल में तबरेज राना ने मशहूर मरहूम शायर मुनव्वर राना की दो अधूरी किताबों का विमोचन किया।
कार्यक्रम में देश के कई नामचीन शायरों और कवियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
गौरतलब है कि आजम खां की जेल से रिहाई के बाद भी गुफरान अहमद उर्फ सैफी उनका इस्तकबाल करने रामपुर स्थित आवास पहुंचे थे। अब दिल्ली में एक बार फिर आजम खां के साथ उनकी मौजूदगी ने इसौली के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है।
राजनीतिक जानकारों की नजर में विधानसभा चुनाव से पहले सपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ सैफी की लगातार नजदीकियां उनकी टिकट दावेदारी के लिहाज से अहम मानी जा रही हैं। हालांकि, इसौली से प्रत्याशी को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व टिकट के समीकरण किसके पक्ष में तय करता है।




