परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, दक्षिण भारत के हितों की उठाई आवाज
तमिलनाडु को नुकसान की आशंका जताकर भाजपा को कहा गद्दार
नई दिल्ली/Etv News 24/संवाददाता वागीश
परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे तमिल शब्द ‘एटप्पन’ से संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा तमिलनाडु के हितों के साथ विश्वासघात कर रही है। तमिल भाषा में ‘एटप्पन’ शब्द का शाब्दिक अर्थ गद्दार होता है।
दिल्ली में दक्षिण भारत की आवाज बुलंद करते हुए राहुल गांधी ने परिसीमन बिल के संभावित प्रभावों पर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन की प्रक्रिया लागू होने से तमिलनाडु को राजनीतिक रूप से नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने भाजपा पर तमिल भाषी प्रदेश के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी के इस बयान से परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं। कांग्रेस जहां इसे दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व और अधिकारों से जोड़कर देख रही है, वहीं भाजपा पर क्षेत्रीय हितों के साथ समझौता करने का आरोप लगा रही है। ‘एटप्पन’ शब्द के इस्तेमाल ने इस राजनीतिक टकराव को और तल्ख बना दिया है।




