प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह निर्माणाधीन सिक्स लेन सड़क पर घने कुहासे के कारण बड़ा हादसा हो गया।खजुरी–वासुदेवपुर सीमा के पास दो हाईवा वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक हाईवा का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक हाईवा का चालक केबिन में फंस गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से फंसे चालक को बाहर निकाला गया।घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, हालांकि देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई थी।स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के समय हल्का कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण दृश्यता कम थी और हादसा हुआ। उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित सिक्स लेन सड़क पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है।



