डेहरी ऑन सोन/रोहतास/Etv News 24
डेहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह क्षेत्र में उद्योग स्थापना को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में वे लेट्स इंस्पायर के संस्थापक वरिष्ठ आईपीएस विकास वैभव द्वारा 21 दिसंबर को बेंगलुरु में आयोजित उद्योगपतियों की बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक के माध्यम से वे उद्यमियों को डेहरी विधानसभा क्षेत्र में उद्योग लगाने के लिए प्रेरित करेंगे।शनिवार की रात ईदगाह मुहल्ला स्थित चौबे निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह में विधायक राजीव रंजन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में आयोजित इस उद्योगपतियों के सम्मेलन में बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल भी शामिल होंगे।विधायक ने कहा कि 2047 तक विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह कृतसंकल्पित हैं। इसी विजन के तहत राज्य में उद्योग, रोजगार और निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि डेहरी विधानसभा क्षेत्र में स्टार्टअप इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी है। क्षेत्र में सुअरा हवाई अड्डा और इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योग स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि एवं आधारभूत संरचनाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा भालुआड़ी गांव में उद्योगों के लिए लगभग 200 एकड़ भूमि को विकसित किया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि क्षेत्र में उद्योग लगें ताकि लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े।विधायक राजीव रंजन ने कहा कि वे क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।इस अवसर पर विधायक का स्वागत सुरेंद्र चौबे, रहीम सर, अरुण पासवान, अशोक लाल, हुसैन निषाद अंसारी, संजय पासवान, रोहित पासवान, हरे राम पासवान सहित अन्य लोगों ने किया।



