तिलौथू रोहतास/Etv News 24
बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में पाटलिपुत्र इंडोर कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित 07वीं राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में रोहतास जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम रनर-अप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बिहार के लगभग 28 जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पटना विजेता, रोहतास प्रथम रनर-अप तथा बेतिया द्वितीय रनर-अप रहा।
रोहतास की लगभग 30 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 06 स्वर्ण, 02 रजत एवं 04 कांस्य सहित कुल 12 पदक जीते। इस उपलब्धि पर रोहतास टीम को प्रथम रनर-अप की ट्रॉफी बिहार के खेल महानिदेशक एवं खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरन ने प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सफलता के पीछे जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, रोहतास की महासचिव तिलौथू निवासी सांवली सिन्हा के निरंतर प्रयास और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगिता में टेक्निकल ऑफिसर के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके नेतृत्व में जिले में योगासन खेल लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रतियोगिता के दौरान जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, रोहतास के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी ओमप्रकाश पूरे समय टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए हर स्तर पर सहयोग और मार्गदर्शन दिया, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और मजबूत हुआ। टीम प्रभारी अदिति कुमारी ने खिलाड़ियों के समन्वय एवं व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। वहीं राजीव रंजन मेहता उर्फ सोनू कुमार ने स्वयं प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ-साथ अपने मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पूरे आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। उनके वीडियो और मीडिया कवरेज की व्यापक सराहना हुई, जिससे योगासन खेल और खिलाड़ियों की उपलब्धियां अधिक लोगों तक पहुंच सकीं।रोहतास की यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो रोहतास के खिलाड़ी राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
रोहतास की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में रोहतास योगासन खेल के क्षेत्र में बिहार के अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।




