प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर :बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। गुरुवार को संत कबीर महाविद्यालय में पीठासीन पदाधिकारी एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। दो पालियों में आयोजित प्रशिक्षण में पहली पाली में 1357 तथा दूसरी पाली में 1351 पदाधिकारी शामिल हुए। इस तरह कुल 2708 पदाधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की बारिकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में मॉक पोल का अभ्यास, ईवीएम की सीलिंग, वास्तविक मतदान की प्रक्रिया, विशेष परिस्थितियों का समाधान, विभिन्न प्रपत्रों का संधारण तथा मतदान सामग्री के सुरक्षित जमा करने की विधि पर विस्तार से जानकारी दी गई। खासतौर पर प्रपत्र 17-सी भरने का अभ्यास कराया गया। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अगले प्रशिक्षण में वे कैमरे के सामने 100-100 मॉक पोल कर संबंधित प्रपत्र भरेंगे। प्रशिक्षण के अंत में परीक्षा भी ली गई ताकि प्रतिभागियों की समझ और दक्षता की पुष्टि हो सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षक कोषांग सह-बंदोबस्त पदाधिकारी) विजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) मो. जमालुद्दीन, मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव सहित अन्य मास्टर ट्रेनरों ने किया। सहयोग में अजय कुमार ठाकुर, दिलीप कुमार सिंह और संतोष कुमार चौधरी शामिल रहे।



