कोचस/रमेश कुमार पांडेय/Etv News 24
जिले के बिक्रमगंज प्रखंड स्थित मरौना पंचायत के दुर्गाडीह गांव में प्रस्तावित देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन पर एक दशक से अधिक समय से लंबित मुंडेश्वरी-आरा रेल प्रोजेक्ट के पूराहोने की उम्मीद जगी है।इसे लेकर बुद्धिजीवियों समेत कई राजनीतिक संगठनों के लोगों ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर इसे पूरा करने की मांग की है।सामाजिक कार्यकर्ता तेज नारायण दूबे,सत्येन्द्र सिंह,जयशंकर प्रसाद,भाजपा नेता मुन्ना मिश्रा,अखिलेश तिवारी, बिहार विकास मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेदन प्रसाद सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि जिले में पीएम के आगमन के साथ करीब डेढ़ दशक से लंबित इस परियोजना के पूरा होने की उम्मीद जगी हुई है।लोगों ने बताया कि वर्ष 2008 में यूपीए वन की सरकार के दौरान तत्कालीन रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव व स्थानीय सांसद मीरा कुमार ने कैमूर जिले के मोहनियां में इस रेल प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था.लेकिन,शिलान्यास के दूसरे वर्ष 2009 में केन्द्र में फिर यूपीए की सरकार बनी।इसमें तत्कालीन स्थानीय सांसद मीरा कुमार लोकसभा स्पीकर बनी, लेकिन लालू प्रसाद यादव रेलमंत्री नहीं बन सके.इसके बाद बदली राजनीतिक परिस्थितियों ने मुंडेश्वरी-आरा रेल लाइन की किस्मत को भी बदल डाला।फिर 14 सालों बाद वर्ष 2022-23 में सासाराम के तत्कालीन सांसद छेदी पासवान ने बजट सत्र के दौरान इस रेलखंड के निर्माण का मुद्दा उठाया था.लेकिन, मामला कुछ भी आगे नहीं बढ़ा।लोग अफसोस भी करते हैं और एक उम्मीद अब भी लगाये बैठे हैं कि एक न एक दिन यह प्रोजेक्ट जरुर पूरा होगा।जिले में पीएम के आगमन से इसकी चर्चाएं तेज हो गयी है।



