कोचस/रोहतास/ रमेश कुमार पांडेय/Etv News 24
कपसियां पंचायत के महुआरी गांव के पूर्वी हिस्से में करहा अवरुद्ध होने से सैकड़ों एकड़ भूमि सिंचाई से प्रभावित हो गयी है.इसे लेकर आये दिन किसानों की चिंता बढ़ने लगी है.सिद्धनाथ तिवारी,खाजानी तिवारी, शोभनाथ चौधरी आदि किसानों का कहना है कि महुआरी गांव के सैकड़ों एकड़ भूमि की सिंचाई पहले से ही धावाडीह पुल के समीप करगहर राजवाहा से निकले करहा के माध्यम से किया जाता रहा है.पिछले कुछ सालों से आसपास के कई किसानों ने इसे अपने खेतों में मिला दिया है.इससे इसका पैमाना छोटा तो कहीं इसका अस्तित्व ही समाप्त हो गया है.इस करहे के द्वारा गांव के दक्षिणी भाग से आने वाली पानी की निकासी बंद होने से खरीफ व रबी फसल की सिंचाई कार्य नहीं हो पाता है.किसानों का कहना है कि इसे लेकर कई बार सीओ से मुलाकात कर अवरुद्ध करहे की साफ-सफाई व अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगायी गयी.लेकिन,अधिकारियों की मनमानी रवैये के कारण अब तक करहे की सफाई नहीं हो सकी है.स्थानीय अधिकारियों के मनमाने रवैये से क्षुब्ध किसानों ने रोहतास डीएम से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है.



