80 गांव के किसानों का सपना रह गया अधूरा
कोचस/रोहतास रमेश कुमार पांडेय Etv News 24
रोहतास व कैमूर जिले के सीमावर्ती इलाकों में किसानों के लिए वरदान साबित होने वाली गोरेया नदी पर चेकडैम बनाने का काम वर्षों से लंबित है.इससे दोनों जिले के करीब 80 गांवों के खेतों की प्यास अभी तक नहीं बूझ सकी है।पिछले कई सालों से इस नदी पर चेकडैम बनाने का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है.लेकिन, अधिकारियों की लापरवाही से अब तक इस प्रोजेक्ट को अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका.इसके कारण प्रत्येक वर्ष रोहतास व कैमूर के लगभग 80 गांवों के किसान पटवन से वंचित रह जाते हैं.इसमें कथराई, सलथुआं व रघुनाथपुर राजवाहे से जुड़े अंतिम छोर के 80 गांवों के किसान अपने खेतों की सिंचाई ठीक से नहीं कर पाते हैं।
किसानों ने बनायी थी कमेटी:
मिली जानकारी के अनुसार कपसियां पंचायत के सोहवलियां व अठवलियां गांव के बीच गोरेया नदी पर चेकडैम बनाने को लेकर वर्ष 2022 में किसानों ने एक कमेटी बनायी थी।इसमें कोचस पश्चिमी के जिला पार्षद विनय पाल की अध्यक्षता में 11 सदस्य मनोनीत किये गये थे।इस दौरान सर्वसम्मति से विनय पाल को अध्यक्ष, परसथुआं के राजा यादव को उपाध्यक्ष,सेलास के शशिकांत राय को सचिव, जयशंकर प्रसाद को उपसचिव और विजय बहादुर को कमेटी का संयोजक बनाया गया था.कमेटी ने इस प्रोजेक्ट का पूरा खाका बरहूति निवासी सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अभियंता विजय बहादुर सिंह व कथराई के सेवानिवृत्त अभियंता जगन्नाथ सिंह की देखरेख में तैयार कर इसे सरकार के पास भेजा गया।सरकार से इस प्रोजेक्ट में तेजी लाने का दबाव बनाने के उद्देश्य से इसकी एक-एक कॉपी तत्कालीन सांसद, करगहर के पूर्व विधायक व विधायक संतोष कुमार मिश्र को भी सौंपी गयी थी.इस चेकडैम के निर्माण से कोचस प्रखंड के कपसियां, कथराई व चितैनी पंचायत के सभी गांव,करगहर प्रखंड के बकसड़ा व सिवन पंचायत और कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत सिसवार,सलथुआं,ससना आदि पंचायत के लगभग 80 गांवों के हजारों किसान लाभान्वित होंगे।
वर्ष 2023 में पटना से आयी थी जांच टीम:
सामाजिक कार्यकर्ता जयशंकर प्रसाद की मानें तो, इस चेकडैम को अमलीजामा पहनाने के लिए 23 मार्च 2023 को सिंचाई विभाग के कनीय अभियंता राकेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने निर्माण स्थल के साथ-साथ अन्य बिंदुओं पर गहन पड़ताल की.इस दौरान टीम ने इसकी जांच रिपोर्ट शीघ्र ही विभाग को सौंपने की बात कही थी।लेकिन, सरकार,सांसद और विधायक के उदासीन रवैया के कारण इस नदी पर अब तक चेकडैम का निर्माण कार्य नहीं हो सका है।हालाकिं,30 जनवरी को प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित जनप्रतिनिधि संवाद के दौरान कथराई पंचायत के मुखिया निर्मला कुमारी ने डीएम उदिता सिंह के समक्ष गोरेया नदी पर चेकडैम बनाने की मांग की थी।इस पर कार्यक्रम में मौजूद करगहर विधायक संतोष कुमार मिश्र ने उन्हें आश्वस्त करते हुए गोरेया नदी पर चेकडैम बनाने के लिए डीपीआर तैयार कराये जाने की बात कही थी।



