व्यापार मंडल ने मांगी स्थायी व्यवस्था हर थाने में बाजार
प्रतिनिधियों के साथ हो मासिक बैठक, नोडल अधिकारी नामित करने की मांग
अमीनाबाद की पीली पट्टी व्यवस्था बहाल करने से लेकर ई-रिक्शा स्टैंड तय करने तक रखे सुझाव
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात, अतिक्रमण, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लखनऊ व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट को ज्ञापन सौंपकर बाजारवार समस्याएं गिनाईं और उनके व्यावहारिक समाधान के सुझाव दिए।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापारी समाज शहर की कानून-व्यवस्था से संतुष्ट है, लेकिन यातायात और अतिक्रमण की समस्या से पुराने बाजारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रत्येक थाना क्षेत्र के बाजार अध्यक्ष और महामंत्रियों के साथ पुलिस की मासिक समन्वय बैठक फिर से शुरू करने की मांग की।
वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि नाका बाजार में पुल के नीचे और सर्विस लेन में अतिक्रमण से दिनभर यातायात बाधित रहता है। अभियान के दौरान अतिक्रमण हटता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर ठेले लग जाते हैं। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा रोकने के लिए नियमित पुलिस निगरानी की मांग की। विजय नगर पुलिया के आसपास भी गश्त बढ़ाने का सुझाव दिया।
वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने अमीनाबाद में सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूर्व में बनाए गए ट्रैफिक प्वाइंट फिर सक्रिय करने और पीली पट्टी व्यवस्था बहाल कर पटरी दुकानदारों के लिए निर्धारित सीमा तय करने की मांग की, ताकि बाजार में आवागमन सुचारु रहे।
वरिष्ठ महामंत्री अनुराग मिश्रा ने चौक और सराफा क्षेत्र में यातायात व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उन्होंने चरक चौराहे पर ई-रिक्शा के जमावड़े से होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए चौराहे से बाहर निर्धारित ई-रिक्शा स्टैंड बनाने का सुझाव दिया।
कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी ने ट्रांसगोमती के बाजारों में फुटपाथ अतिक्रमण, ई-रिक्शा और अनियंत्रित पार्किंग की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित प्रवर्तन और निगरानी की व्यवस्था हो।
ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि पर्याप्त पार्किंग न होने से व्यापारी और ग्राहक सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होते हैं। उन्होंने कार्रवाई के साथ वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था और बाजारों में लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित स्थल बनाने की मांग की।
व्यापार मंडल ने प्रत्येक थाना क्षेत्र में एक नोडल पुलिस अधिकारी नामित करने की मांग की, जो बाजार प्रतिनिधियों से नियमित संपर्क में रहे। साथ ही अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप संयुक्त कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया।
बैठक में मीडिया महामंत्री सुमित गुप्ता, महामंत्री सोमेश मिश्रा, सुशील तिवारी, मनीष गुप्ता, प्रियांक गुप्ता, मंजीत सिंह दुआ, कुश गुप्ता, सोनू पंडित, शशि शुक्ला, कुश मिश्रा, आशीष गुप्ता, मनोज गुप्ता और रविंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।




