दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर आयोजित हुआ स्मरण कार्यक्रम
वक्ताओं ने सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर दिया जोर
प्रकृति का दोहन नहीं, संरक्षण करते हुए संसाधनों का उपयोग करने का आह्वान
गोरखपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
स्वदेशी विचारधारा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र पुनर्निर्माण के प्रणेता श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर मंगलवार को स्वदेशी व्यापारी मंच, जिला गोरखपुर की ओर से स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बक्शीपुर स्थित डिस्काउंट बुक स्टोर में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने ठेंगड़ी के जीवन दर्शन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सामाजिक समरसता को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक धीरज राय ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी ने स्वदेशी को केवल वस्तुओं के चयन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जीवन जीने की पद्धति बताया। स्वदेशी का अर्थ अपने देश, समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव रखना है। उन्होंने कहा कि जब तक स्वदेशी विचार व्यवहार और व्यापार का हिस्सा नहीं बनेगा, तब तक राष्ट्र का वास्तविक पुनर्निर्माण संभव नहीं है। जरूरत है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वदेशी को अपनी दिनचर्या में अपनाए और इसके लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए।
डॉ. फूलचन्द प्रसाद गुप्त ने कहा कि ठेंगड़ी राष्ट्र को मानवता की मौलिक इकाई मानते थे। उनका विचार था कि सभी भारतीय मिलकर राष्ट्र के पुनर्निर्माण में सहभागी बनें। उन्होंने सामाजिक समरसता को सामाजिक समता की अनिवार्य शर्त बताते हुए कहा कि केवल विचारों से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि उसे अपने आचरण में भी उतारना होगा।
स्वदेशी व्यापारी मंच के गोरक्ष प्रांत विभाग एवं जिला संयोजक सौरभ कुमार सिंह ने कहा कि ठेंगड़ी के अनुसार स्वदेशी अर्थव्यवस्था के आंदोलन का उद्देश्य समता और समानता स्थापित करना होना चाहिए। प्रकृति का अंधाधुंध दोहन करने के बजाय संसाधनों का उपयोग इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे पर्यावरण और प्राकृतिक संपदा सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी व्यवस्था को मजबूत करके स्वरोजगार के अधिकतम अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रमुख कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
इनमें दिलीप जायसवाल, नवोदित त्रिपाठी, सुनील मणि त्रिपाठी, अमर चौबे, नारायण चौरसिया, आलोक गुप्ता, घनश्याम जायसवाल, प्रमोद दूबे, योगेश पांडेय, देवेश सिंह, अजीत पाल, मणिशंकर पाल, दीपक मंडल, राणा प्रताप पाठक, शिवानंद श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, अनंत जी, परमात्मा धर दूबे और कमल नयन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।




